बागड़ा ब्राह्मण अधिकारी-कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष पद पर मुकेश प्रधान व कोषाध्यक्ष पद रोहित पंचौली हुए नवनिर्वाचित

प्रदेश बागड़ा ब्राह्मण अधिकारी-कर्मचारी कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं कोषाध्यक्ष पदों के लिए रविवार को प्रदेशभर में उत्साहपूर्ण और शांतिपूर्ण वातावरण में मतदान सम्पन्न हुआ। देर रात्रि हुई मतगणना के बाद घोषित परिणामों में अध्यक्ष पद पर मुकेश प्रधान तथा कोषाध्यक्ष पद पर रोहित पंचौली ने जीत दर्ज की। चुनाव संचालन समिति के अनुसार सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सात मतदान केंद्रों पर मतदान कराया गया। अध्यक्ष पद पर मुकेश कुमार प्रधान (पटवारी) और डॉ. परमेश्वरी प्रधान के बीच सीधा मुकाबला रहा, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर रोहित पंचौली व महेश कुमार सीमावत आमने-सामने थे। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने अनुशासित ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वाटिका में 137, बगरू में 110, भानपुर कलां में 88, चौमूं में 152, जयपुर शहर में 120, राधाकिशनपुरा में 85 तथा थानागाजी में 54 मत पड़े। कुल 1763 पंजीकृत मतदाताओं में से बड़ी संख्या कर्मचारियों अधिकारिय की भागीदारी रही। मतगणना के बाद अध्यक्ष पद पर मुकेश प्रधान को 552 मत मिले, जबकि प्रतिद्वंद्वी डॉ. परमेश्वरी प्रधान को 166 मत प्राप्त हुए। मुकेश प्रधान ने 386 मतों के भारी अंतर से विजय हासिल की। कोषाध्यक्ष पद पर रोहित पंचौली को 533 तथा महेश सीमावत को 181 मत मिले, जिससे रोहित पंचौली 352 मतों से विजयी रहे। जीत के बाद मुकेश प्रधान ने मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन को पारदर्शी व सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। कर्मचारियों के हितों की रक्षा और सेवा संबंधी समस्याओं का समाधान प्रमुख लक्ष्य रहेगा। नवनिर्वाचित कोषाध्यक्ष रोहित पंचौली ने वित्तीय अनुशासन के साथ कल्याणकारी योजनाओं को गति देने का भरोसा दिलाया। चुनाव समिति ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष बताते हुए सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस परिणाम से बागड़ा ब्राह्मण समाज में संगठनात्मक मजबूती और नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

Scroll to Top